जम्मू-कश्मीर में सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन दिखने से हाई अलर्ट,सांबा-कठुआ में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन तेज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद अलर्ट, संभावित सामग्री की तलाश जारी

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। शनिवार को सेना और अन्य सुरक्षा बलों ने दोनों क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। ड्रोन से किसी प्रकार की सामग्री गिराए जाने की आशंका को देखते हुए इलाके की गहन जांच की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार देर रात सांबा जिले के विजयपुर क्षेत्र के अग्रिम गांव तरोर के हवाई क्षेत्र में सेना के जवानों ने एक संदिग्ध उड़ने वाली वस्तु देखी, जिसके पाकिस्तानी ड्रोन होने की आशंका है। इसके तुरंत बाद ड्रोन रोधी प्रणाली सक्रिय कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ड्रोन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर वापस पाकिस्तान की ओर लौट गया।

इसी तरह शुक्रवार शाम कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के चक नलुआ गांव के ऊपर भी एक संदिग्ध ड्रोन कुछ समय तक मंडराता हुआ दिखाई दिया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि ड्रोन के जरिए कोई संदिग्ध सामग्री गिराई गई थी या नहीं। इसके लिए दोनों स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक अभियान जारी था और किसी संदिग्ध वस्तु की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। बार-बार सामने आ रही ड्रोन गतिविधियों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और कड़ा कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

ये भी पढ़ें : 
गुजरात में बारिश का कहर: 38 हजार लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए, सेना और NDRF मोर्चे पर; कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

संबंधित समाचार