लॉर्ड्स वनडे से पहले इंग्लैंड का बड़ा फैसला, टॉम बैंटन और लियम डॉसन टीम से रिलीज; भारत की प्लेइंग XI में भी बदलाव तय

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। निर्णायक मुकाबले से पहले इंग्लैंड ने टॉम बैंटन और लियम डॉसन को टी20 ब्लास्ट खेलने के लिए रिलीज किया, जबकि टीम इंडिया में वाशिंगटन सुंदर की जगह बदलाव तय माना जा रहा है।

डिजिटल डेस्कः भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस अहम मैच से पहले इंग्लैंड ने अपने स्क्वाड में शामिल टॉम बैंटन और लियम डॉसन को रिलीज करने का फैसला लिया है, ताकि दोनों खिलाड़ी 18 जुलाई को होने वाले टी20 ब्लास्ट फाइनल डे में अपनी-अपनी काउंटी टीमों का प्रतिनिधित्व कर सकें।

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने इन दोनों खिलाड़ियों को रिलीज करने के बाद उनकी जगह किसी नए खिलाड़ी को स्क्वाड में शामिल नहीं किया है।

लियम डॉसन को मिला सिर्फ एक मैच खेलने का मौका

लियम डॉसन को इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में खेलने का अवसर मिला था। उन्होंने उस मैच में महत्वपूर्ण 68 रन बनाए और जो रूट के साथ 121 रन की साझेदारी भी की। हालांकि, उनकी पारी के बावजूद इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा।

दूसरे वनडे में डॉसन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। वहीं, शीर्ष क्रम के बल्लेबाज टॉम बैंटन को भी शुरुआती दोनों मुकाबलों में खेलने का मौका नहीं मिला।

अब दोनों खिलाड़ी टी20 ब्लास्ट फाइनल डे में अपनी-अपनी काउंटी टीमों के लिए मैदान पर उतरेंगे। इस दौरान पहला सेमीफाइनल नॉर्थम्प्टनशायर और स्टीलबैक्स के बीच, जबकि दूसरा सेमीफाइनल हैम्पशायर हॉक्स और नॉट्स आउटलॉज के बीच खेला जाएगा। फाइनल मुकाबला भी उसी दिन बर्मिंघम के एजबेस्टन स्टेडियम में आयोजित होगा।

टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बदलाव लगभग तय

लॉर्ड्स वनडे में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में भी एक बदलाव की संभावना है। दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय चोटिल हुए वाशिंगटन सुंदर निर्णायक मुकाबले के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

ऐसे में उनकी जगह किस खिलाड़ी को मौका मिलेगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी। संभावना जताई जा रही है कि पहले दो मैचों में बेंच पर रहे कुलदीप यादव को अंतिम वनडे में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ेंः Rohit Sharma Retirement Rumours: रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों पर BCCI का बड़ा बयान, सचिव ने किया साफ- ऐसी कोई चर्चा नहीं

संबंधित समाचार