बहराइच में तेंदुए का खौफ: बरामदे में सो रहे बुजुर्ग पर हमला, इलाज के दौरान मौत
कतरनियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज में सुबह तड़के घर में घुसा तेंदुआ। परिजनों के शोर मचाने पर जंगल की ओर भागा, वन विभाग ने गश्त बढ़ाने और सहायता देने का आश्वासन दिया।
बहराइच। जिले के कतरनियाघाट वन्यजीव प्रभाग की ककरहा रेंज में शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई। घर के बरामदे में सो रहे 88 वर्षीय बुजुर्ग राम यादव पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
चीख सुनकर दौड़े परिजन, तेंदुआ जंगल की ओर भागा
जानकारी के अनुसार, मूर्तिहा थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा गांव निवासी राम यादव शनिवार सुबह करीब चार बजे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान एक तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर उन्हें बाहर की ओर खींच ले गया।
बुजुर्ग की चीख सुनकर उनके पौत्र सूरज यादव और अन्य परिजन डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। शोर-शराबा होने पर तेंदुआ बुजुर्ग को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में राम यादव के गले पर गंभीर चोटें आईं।
प्राथमिक उपचार के बाद किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। परिजन घायल बुजुर्ग को मिहींपुरवा स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वन विभाग ने सहायता और गश्त बढ़ाने का दिया भरोसा
प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि बुजुर्ग की मौत तेंदुए के हमले में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार अहेतुक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इलाके में वन विभाग की टीमों को गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ेंः Hardoi News : पॉक्सो एक्ट के आरोपी ने की सुसाइड ! घर में फंदा लगाकर दी जान
