Farrukhabad News: ट्रक बैक करते समय दीवार के बीच दबा युवक, मौके पर मौत; चालक वाहन छोड़कर फरार
फर्रुखाबाद में सीमेंट उतारने के दौरान बैक हो रहे ट्रक की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक सचिन शाक्य की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। सीमेंट उतारने के दौरान बैक हो रहे ट्रक की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम रामनगर रमन्ना गुलजार बाग निवासी सचिन शाक्य (25) पुत्र संतराम टाउनहाल कर्बला रोड चुंगी के पास स्थित शमीम गिट्टी-मौरंग की दुकान पर नौकरी करता था।
बताया गया कि दुकान परिसर में सीमेंट उतारने के लिए ट्रक को बैक किया जा रहा था। इसी दौरान सचिन ट्रक और दीवार के बीच फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद उसके चाचा सुनील उसे लेकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां डॉ. अमन कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सचिन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
