Barabanki News : सतरिख की माइनर में मिला लखनऊ निवासी युवक का शव, हत्या कर फेंके जाने की आशंका

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी के सतरिख थाना क्षेत्र में माइनर से लखनऊ निवासी युवक का शव बरामद हुआ। शव पर चोट के निशान और घटनास्थल के पास खून के धब्बे मिलने से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बाराबंकी, अमृत विचार : सतरिख थाना क्षेत्र की एक माइनर में शव मिलने से हड़कंप मच गया। कुछ दूरी तक खून फैला होने से आशंका है कि कहीं और हत्या कर शव यहां पर फेंका गया है। मृतक की पहचान लखनऊ वासी के रूप में हुई। खबर मिलते ही पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।  

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास रविवार सुबह सिकंदरपुर-सहेलियां माइनर में एक युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम तीरथ (42) पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीसा, थाना गोसाईगंज, लखनऊ के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में शव पर चोट के निशान मिले, वहीं घटनास्थल के आसपास रास्ते पर खून जैसे धब्बे मिले हैं। आशंका है कि अन्यत्र हत्या कर शव को माइनर में फेंक दिया गया।

हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने बताया कि राम तीरथ पेंटिंग का कार्य करते थे। वह शुक्रवार रात घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। रविवार सुबह ग्रामीणों ने माइनर में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। शव मिलने की खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

मृतक अपने पीछे पत्नी रामदुलारी, बेटी शिवानी और बेटे अनुराग को छोड़ गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा तथा शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

संबंधित समाचार