मुरादाबाद : NRI दूल्हे ने छिपाया कनाडा में पहली पत्नी का राज, विरोध करने पर दुष्कर्म; पैसे मांगे तो चलाई गोलियां 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक एनआरआई (अप्रवासी भारतीय) युवक द्वारा कनाडा में रह रही अपनी पहली पत्नी की जानकारी छिपाकर कथित रूप से दूसरी शादी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर चार नामजद और दो अज्ञात समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी पक्ष पर दहेज के नाम पर दो करोड़ रुपये ऐंठने, युवती से दुष्कर्म करने और पैसे वापस मांगने पर जानलेवा हमला करने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगे हैं।


विदाई के वक्त खुला पहली शादी का राज

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सहरिया गांव निवासी हरभजन सिंह ने इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी की शादी 15 अप्रैल 2022 को रामपुर जिले के बिलासपुर निवासी गमनदीप सिंह से सिख रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। विदाई के समय युवती को अन्य महिलाओं से पता चला कि उसका पति गमनदीप पहले से शादीशुदा है और उसकी पहली पत्नी कनाडा में रहती है। जब इस बारे में आरोपी से पूछा गया, तो उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने कनाडा में रहने के उद्देश्य (पीआर/नागरिकता आदि के लिए) से यह दूसरी शादी की है।


शारीरिक संबंध से इनकार पर दुष्कर्म और उत्पीड़न

प्राथमिकी के अनुसार, पहली शादी की सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद युवक ने उसके साथ कथित तौर पर जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा किए गए लगातार उत्पीड़न के कारण युवती की मानसिक स्थिति बिगड़ गई, जिसका फिलहाल वैशाली स्थित एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।


2 करोड़ रुपये हड़पे, मांगने पर ढाबे पर बुलाकर चलाईं गोलियां

शिकायतकर्ता हरभजन सिंह का आरोप है कि शादी से पहले विश्वास में लेकर आरोपी पक्ष ने उनसे करीब दो करोड़ रुपये लिए थे। बाद में जब उन्होंने रकम वापस मांगी, तो आरोपी के पिता रणजीत सिंह ने कारोबार में पैसा लगाने की बात कहकर पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया।

शिकायत के मुताबिक, बीती 25 जून 2026 की रात करीब 11 बजे रुपये लौटाने के बहाने शिकायतकर्ता को सहरिया गांव स्थित एक ट्रक ढाबे पर बुलाया गया। वहां रणजीत सिंह, गमनदीप सिंह, सोनू उर्फ लंगड़ा और दो अज्ञात व्यक्ति हथियारों के साथ पहुंचे और जान से मारने की नीयत से शिकायतकर्ता पर फायरिंग कर दी। शिकायतकर्ता ने ढाबे की दीवार की आड़ लेकर बमुश्किल अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी अपनी कार से फरार हो गए।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की इन धाराओं में केस दर्ज

मूंढापांडे थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी गमनदीप, उसके माता-पिता, सोनू उर्फ लंगड़ा सहित चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की निम्नलिखित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है:

धारा 82(1) में पहली पत्नी से विधिक रूप से विवाह विच्छेद किए बिना दूसरा विवाह करना। 

धारा 85 पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा महिला के साथ क्रूरता। 

धारा 109(1) हत्या का प्रयास। धारा 316(2) आपराधिक विश्वासघात। 

धारा 351(2) आपराधिक धमकी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  : 
नोएडा में आग का तांडव, झुग्गी में शॉर्ट सर्किट तो सोसाइटी में AC ब्लास्ट से भड़की भीषण आग, 3 फ्लैट जलकर खाक

संबंधित समाचार