बलिया : मुहर्रम ड्यूटी के बीच थाना परिसर से फरार 25 हजारी इनामी, कोर्ट में किया सरेंडर; 3 पुलिसकर्मी निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में थाना परिसर से एक इनामी अपराधी के फरार होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए सुखपुरा थाने के तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोमवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। हालांकि, पुलिस की बढ़ती घेराबंदी के डर से फरार अपराधी ने बाद में स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया।

लापरवाही पर इन पुलिसकर्मियों पर गिरा निलंबन का चाबुक

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि सुखपुरा थाने से शुक्रवार रात 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी प्रिंस यादव के फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मियों में सुखपुरा थाने के मुंशी (मुख्य आरक्षी) वीरेंद्र कुमार और पीआरवी पर तैनात आरक्षी भरत चौरसिया व सुनील यादव शामिल हैं। एसपी ने बताया कि इन तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है। 

मुहर्रम ड्यूटी का फायदा उठाकर झांसा दे भागा आरोपी

पुलिस के अनुसार, पूरा मामला शुक्रवार रात का है जब करनई गांव में शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) को सौंपा था। पीआरवी कर्मियों ने कानूनी कार्रवाई के लिए उसे सुखपुरा थाने के सुपुर्द कर दिया था। उस समय सुखपुरा थाने के पुलिसकर्मी मुहर्रम के जुलूस की सुरक्षा ड्यूटी में व्यस्त थे। इसी का फायदा उठाकर युवक ने पुलिसकर्मियों को झांसा दिया और थाना परिसर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया।

25 हजार का इनामी निकला फरार युवक

जब मामले की जांच की गई, तो फरार युवक की पहचान बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान गांव निवासी प्रेंस यादव के रूप में हुई। प्रिंस यादव कोई साधारण अपराधी नहीं है; उसके खिलाफ बलिया शहर कोतवाली समेत जिले के कई थानों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस की घेराबंदी के आगे टेके घुटने, कोर्ट में सरेंडर

सुखपुरा थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने बताया कि थाने से फरार होने के बाद पुलिस टीम लगातार प्रिंस यादव की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। सोमवार को पुलिस की चौतरफा घेराबंदी और पकड़े जाने के डर से इनामी अपराधी प्रिंस यादव ने बलिया की एक स्थानीय अदालत में पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

ये भी पढ़ें  :  
मुरादाबाद : NRI दूल्हे ने छिपाया कनाडा में पहली पत्नी का राज, विरोध करने पर दुष्कर्म; पैसे मांगे तो चलाई गोलियां 

संबंधित समाचार