लखनऊ अग्निकांड : अखिलेश यादव पहुंचे ट्रॉमा सेंटर, घायलों से की मुलाकात, सरकार को घेरा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अखिलेश बोले- हर घटना के बाद सिर्फ बनती है एसआईटी, 10 साल सरकार दिखती नहीं

लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर अग्निकांड को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर हादसे में घायल छात्रों और अन्य मरीजों का हालचाल लिया। इससे पहले उन्होंने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल उठाए।

अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में हर बड़ी घटना के बाद केवल एसआईटी (विशेष जांच दल) का गठन होता रहा है, लेकिन इससे यह आभास होता है कि प्रदेश में कोई सरकार है ही नहीं। उन्होंने कहा, "अगर सरकार है तो नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा? हर घटना के बाद एसआईटी बना देना समाधान नहीं है।"

अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली पर सपा अध्यक्ष ने उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने भवन निर्माण और अग्निशमन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस इमारत में कोचिंग सेंटर चल रहा था, उसका नक्शा और एनओसी किसी न किसी स्तर पर स्वीकृत हुई होगी। ऐसे में यह जांच का विषय है कि फायर एनओसी कैसे मिली और किन लोगों ने इसके लिए अपनी जेबें भरीं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में प्रशासनिक जवाबदेही कमजोर हुई है और नियमों का पालन कराने में सरकार विफल रही है। उनके मुताबिक, हर हादसे के बाद जांच बैठा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई होनी चाहिए।

संबंधित समाचार