Hardoi News: बाइक सवारों ने सर्राफा कारोबारी से 19.50 लाख के जेवर छीने, जांच में जुटी पुलिस की 4 टीमें

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

हरदोई: सर्राफा व्यापारी को बुधवार शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने लगभग 19.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल छीनकर फरार हो गए।

वारदात कासिमपुर थाना क्षेत्र के हसनापुर निवासी मोहम्मद नसीम की है। वे घुघेरा चौराहे पर अपनी सर्राफा दुकान चलाते हैं। शाम को दुकान बंद करने के बाद उन्होंने करीब 100 ग्राम सोना और दो किलो चांदी के जेवर बैग में रखकर बाइक से घर की ओर रवाना हुए।

जैसे ही वे जमुनिया बाग़ और रसूलपुर गांव के बीच पहुंचे, दो बाइक सवार अचानक उनके दोनों तरफ आ गए। चार युवकों ने नसीम को घेर लिया और बैग छीनने की कोशिश की। छीना-झपटी के दौरान उन्होंने व्यापारी के साथ मारपीट भी की और बैग लेकर भाग निकले।

सूचना मिलते ही कासिमपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी अशोक कुमार मीणा भी तुरंत मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित से विस्तार से पूछताछ की और मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी मीणा ने बताया कि एएसपी पूर्वी के नेतृत्व में चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो सभी संभावित एंगल्स से छानबीन कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। पुलिस पूरे इलाके में सघन छानबीन और कांबिंग अभियान चला रही है।



संबंधित समाचार