UP News: PM मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व से देश में आया बड़ा बदलाव... CM योगी ने गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मोदी के 12 साल के कार्यकाल पर दुनिया के राष्ट्राध्यक्षों ने दी बधाई, भारत ने अपनी शक्ति का अहसास कराया

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि भारत ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य का अहसास आज पूरी दुनिया को कराया है। उन्होंने मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल को भारत की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चमत्कारिक नेतृत्व का लाभ देश को मिला है। मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में योगी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। 

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में "सबका साथ, सबका विकास" को धरातल पर उतारा गया। उन्होंने कहा, "पहले की सरकारों ने समाज को बांटने का काम किया, लेकिन पीएम मोदी ने गरीब, महिला, युवा और किसान - इन चार जातियों को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाईं और उनके उत्थान के लिए काम किया।" 

दुनिया ने माना भारत के सामर्थ्य का लोहा

उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया में अपने सामर्थ्य का लोहा मनवाया है। योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन हो रहा है और पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने योजनाओं को लागू करने के लिए शानदार काम किया है। योगी ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टैंडअप योजना, स्टार्टअप योजना समेत कई जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया। 

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं को व्यापक रणनीति के साथ लागू किया गया और 12 वर्षों में सफलता से क्रियान्वित किया गया। प्रधानमंत्री ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का काम किया है। इनमें से हर घर में एक कमाने वाला बना है। इसका सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। 

पीएम मोदी के विजन से यूपी को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, गुंडागर्दी और पहचान के संकट से जूझ रहा था। पीएम मोदी के विजन से यूपी को लाभ मिला। आवास और शौचालय जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेश के गरीबों तक पहुंचा। योगी ने कहा कि कोरोना काल में उत्तर प्रदेश में अकेले 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिला। साथ ही 2 करोड़ लोगों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। पहले आधी आबादी के साथ भेदभाव होता था, असुरक्षा का माहौल था और नौकरियों में सुविधाएं नहीं मिलती थीं। 

2014 के बाद पीएम मोदी ने "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" योजना शुरू की। आज जन्म से लेकर पढ़ाई तक बेटियों के लिए सरकार पूरी मदद कर रही है। कार्यक्रम में योगी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाकर "विकसित भारत - विकसित उत्तर प्रदेश" के संकल्प को साकार करें।

संबंधित समाचार