माफिया को चुनकर भेजोगे तो गरीबों का खून चूसेगा, बलरामपुर में गरजे CM योगी, कहा- अब हर पात्र व्यक्ति को मिल रहा निशुल्क राशन
बलरामपुर में 392 करोड़ रुपये की 126 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
लखनऊ/बलरामपुर, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास की प्रक्रिया तभी आगे बढ़ती है, जब जनता अच्छे लोगों को चुनकर भेजती है। यदि माफिया को चुनकर भेजोगे तो वह गरीबों का खून चूसेगा। हमने माफिया को तबाह किया और उनकी जमीनों पर गरीबों के लिए मकान बनवा रहे हैं। आज उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा और सुशासन की नई पहचान बना है।
126 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास
मुख्यमंत्री शुक्रवार को बलरामपुर के मध्यनगर बिलोहा में 392.25 करोड़ रुपये की 126 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार डबल स्पीड से काम कर रही है। किसान, व्यापारी, महिला और युवाओं के लिए लगातार नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले बलरामपुर और आसपास के क्षेत्रों में दंगे आम बात थे। दुर्गा पूजा के दौरान तनाव की घटनाएं होती थीं और उन्हें गोरखपुर से आकर लोगों की मदद करनी पड़ती थी। आज प्रदेश के 75 जिले, 350 तहसीलें और 57 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें दंगामुक्त हैं। माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं और उत्तर प्रदेश के लोगों को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है।
पहले गरीबों का राशन माफिया और गुंडे खा जाते थे- सीएम
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले गरीबों का राशन माफिया और गुंडे खा जाते थे, लेकिन अब हर पात्र व्यक्ति को निशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड, आवास, छात्रवृत्ति और अन्य योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने बेटी या व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षित माहौल के कारण प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने बलरामपुर को विकास का नया मॉडल बताते हुए कहा कि एक समय यहां मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, हर घर नल योजना या आधुनिक सड़क नेटवर्क की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन आज यह सब साकार हो चुका है।
