LIVEWeather Alert: यूपी में मानसून का जोर, सरयू का बढ़ा जलस्तर... आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट; 45 जिलों में वज्रपात की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी, 24 जुलाई तक लगातार वर्षा के आसार; 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह करीब 8 बजे से लगातार रिमझिम बारिश हो रही है। आसमान में घने काले बादल छाए रहने से दिन में भी अंधेरा जैसा माहौल बना हुआ है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए तेज हवा और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला भी जारी रहने की संभावना है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार प्रदेश में 24 जुलाई तक रोजाना बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसूनी हवाएं सक्रिय हो चुकी हैं और 19 से 24 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश होती रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने की संभावना कम है।

उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में विकसित हुआ बादलों का सिस्टम झारखंड की ओर बढ़ा है, जिसके प्रभाव से मानसूनी हवाएं उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों की तरफ मुड़ गई हैं। यही कारण है कि प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होने लगी हैं।

शनिवार को पूर्वांचल और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 141.6 मिमी बारिश गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी वर्षा दर्ज हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली।

मौसम विभाग ने रविवार के लिए महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर समेत तराई के 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, 19 से 21 जुलाई के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा। इससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में व्यापक बारिश होने के आसार हैं और वर्षा की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

 

Jul 19, 2026 · 11:50 AM · Muskan Dixit
मानसून मेहरबान: सुबह से झमाझम बारिश, सरयू का बढ़ा जलस्तर

बाराबंकी। रविवार सुबह से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मानसून के सक्रिय होने से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
लगातार हो रही बारिश के चलते बहराइच-लखनऊ मार्ग पर दृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। दूसरी ओर, शहर के कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश का असर अब सरयू (घाघरा) नदी पर भी साफ नजर आने लगा है। नदी का जलस्तर बढ़ने से तटीय क्षेत्रों में बाढ़ और कटान की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी तेज कर दी है और बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ समय तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Jul 19, 2026 · 10:42 AM · Muskan Dixit
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश का कहर, आधी रात आई बाढ़ में बह गईं सैकड़ों गाड़ियां!

श्रीनगर/राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी इलाके से एक बड़ी और परेशान करने वाली खबर आ रही है। कल रात करीब 3 बजे इलाके में हुई भीषण और मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ (Flash Flood) आ गई।

बाढ़ का सबसे भयावह रूप न्यू बस स्टैंड बेला इलाके में देखने को मिला, जहां देखते ही देखते पूरा इलाका जलमग्न हो गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि पार्किंग और सड़कों पर खड़ी सैकड़ों गाड़ियां तिनके की तरह बह गईं।

 

Jul 19, 2026 · 10:34 AM · Muskan Dixit
अति भारी बारिश (ऑरेंज अलर्ट) वाले जिले

महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर तथा आसपास के क्षेत्र।

 

Jul 19, 2026 · 10:33 AM · Muskan Dixit
भारी बारिश (येलो अलर्ट) वाले जिले

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, ललितपुर तथा आसपास के क्षेत्र।

संबंधित समाचार