Pilibhit Medical College Murder : मेडिकल कॉलेज में सिरफिरे ने सहपाठी छात्रा की चाकू से गोदकर की हत्या, गर्दन और पेट में किए तीन वार.. DGME ने तलब की रिपोर्ट 

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

पीलीभीत जिला अस्पताल में खूनी वारदात, सहपाठी ने छात्रा को उतारा मौत के घाट

यूपी के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में एकतरफा प्यार में सिरफिरे छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पीलीभीत, अमृत विचार। स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल मंगलवार सुबह दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात से दहल उठा। पैरामेडिकल टेक्नीशियन प्रथम वर्ष के छात्र कानपुर देहात के निवासी सागर पुत्र रामऔतार ने अपनी सहपाठी केसरपुर (बरेली) की कशिश पटेल पुत्री रोहिताश पटेल पर सीटी स्कैन कक्ष के भीतर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ तीन वार किए। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव में अस्पताल की स्टाफ कर्मी निधि भी घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका के परिवार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जा रही है। सभी पहलुओं पर गहनता से जांच चल रही है। - सुकीर्ति माधव, एसपी

 

 सुबह साढ़े आठ बजे वारदात को दिया अंजाम

घटना मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। दोनों छात्रों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी ने अपने साथ लाए चाकू से छात्रा पर हमला कर दिया। छात्रा की गर्दन और पेट पर तीन वार किए गए। चाकू घोंपने के बाद उसे घुमाया भी गया।  चीख-पुकार सुनकर स्टाफ नर्स निधि सहगल छात्रा को बचाने दौड़ीं। आरोपी को रोकने के प्रयास में उस पर भी वार कर दिया, जिसमें उनके हाथ में चोट आई। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा, एएसपी विक्रम दाहिया, सीओ सदर नताशा गोयल और सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति

मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने छात्रा का प्राथमिक इलाज किया और फिर हालत गंभीर होने पर उसे एंबुलेंस से एसआरएमएस बरेली रेफर किया गया, वहां छात्रा की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के छात्र-छात्रा थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि करीब एक माह पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोपी एकतरफा प्रेम में छात्रा के बात न करने से नाराज था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।  मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। वहीं, डीजीएमई लखनऊ ने भी रिपोर्ट मांगी है।

 

 

संबंधित समाचार