Gonda News: गोंडा में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में गैंगवार, फायरिंग में गोली लगने से एक घायल, इलाके में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग व मारपीट से मचा हड़कंप

गोंडा, अमृत विचार: धानेपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब एक बजे गोंडा-उतरौला मुख्य मार्ग पर ठाकुर दास पुरवा के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। करीब आधे घंटे तक चले इस बवाल में लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर, पथराव और फायरिंग हुई। गोली का छर्रा लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरे पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस गैंगवार से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग और पथराव होते देख आसपास के दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने शटर गिरा दिए, जबकि कई लोग घरों के दरवाजे बंद कर भीतर दुबक गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोंडा-उतरौला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी रही, लेकिन हमलावर बेखौफ होकर एक-दूसरे पर हमला करते रहे। 

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। बुधवार को दोनों गुट ठाकुर दास पुरवा के पास आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना में बैरागीजोत निवासी राहुल ओझा तथा आनंदनगर चौराहा, दूल्हापुर बनकट निवासी सुनील पासवान और अमित पासवान घायल हुए हैं। राहुल ओझा का आरोप है कि वह बाबागंज से डीजल लेकर लौट रहे थे, तभी विपक्षियों ने उन पर फायरिंग कर दी, जिससे गोली का छर्रा उनकी आंख के पास लगा। वहीं सुनील पासवान का कहना है कि वह अपने चाचा से मिलने बलरामपुर जा रहे थे। 

आरोप है कि बाबागंज से ही विपक्षी उनका पीछा करने लगे और ठाकुर दास पुरवा के पास पहले फायरिंग की, फिर लाठी-डंडे और हॉकी से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह और अमित एक दुकान की छत पर चढ़ गए, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और दोनों की पिटाई कर दी। सुनील ने अपने हाथ में फ्रैक्चर होने का दावा किया है। सुनील का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान उन्होंने थाने के एक हेड कांस्टेबल को फोन कर सूचना दी थी, लेकिन तत्काल पुलिस नहीं पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। 

इसके बाद घायलों को सीएचसी मुजेहना भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अभिषेक दावच्या ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस हमले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : 
Kanpur News : कानपुर के 11,484 शिक्षकों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू

संबंधित समाचार