Ambedkarnagar News : मालीपुर में व्यक्ति की हत्या से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस; गमछे से हत्या की आशंका
मालीपुर में युवक की हत्या के बाद जांच तेज, चाकू पर मिले खून और बाल के निशान से पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद
अर्धनिर्मित मकान में तख्त पर मिला अजय शुक्ला का शव, माथे पर धारदार हथियार के चोट के निशान, बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। मालीपुर थाना क्षेत्र के तेंदुआ दियरा गांव में बीती रात लगभग 45 वर्षीय अविवाहित युवक अजय कुमार शुक्ला की निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह अर्धनिर्मित मकान में तख्त पर उसका शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया पुलिस गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रही है। मृतक बैजनाथ शुक्ला का पुत्र था और घर में अकेले रहता था।
बताया गया कि अजय बुधवार रात खाना खाने के बाद सो गया था। देर रात उसके घर में लगे बल्ब और अन्य उपकरण हटाए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में आशंका है कि अंधेरे का फायदा उठाकर कोई व्यक्ति घर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम दिया। हालांकि हत्या की वजह और घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। सुबह घटना की जानकारी होने पर पड़ोसियों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मालीपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी शशांक कुमार शुक्ला टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चाकू पर मिले खून और बाल के निशान
क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अर्धनिर्मित मकान में तख्त पर युवक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में गमछे से गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है। मौके से एक कुल्हाड़ी और चाकू बरामद किया गया है। कुल्हाड़ी पर किसी तरह का खून का निशान नहीं मिला, जबकि चाकू पर खून और बाल के निशान पाए गए हैं। चाकू को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। मृतक के माथे पर भी धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं।
एसपी ने भी किया घटनास्थल का निरीक्षण
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की बहन उर्मिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाया जाएगा।
