Shahjahanpur News : बिजली के खंभे में करंट उतरने से 8 साल के बच्चे की मौत, मां की चीखों से हर आंख नम
बच्चे की मौत पर मुहल्ले वालों का फूटा आक्रोश, बोले-कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने नहीं दिया ध्यान
असद की मौत पर मुहल्ले वालों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि बारिश के दौरान यहां जलभराव हो जाता है। इससे खंभे में करंट उतर आता है। इस बारे में विद्युत विभाग में शिकायत की गई थी। इस अनुरोध के साथ कि समस्या का समाधान कर दिया जाए, ताकि कोई हादसा न हो, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
अमृत विचार : शाहजहांपुर में विद्युत विभाग की लापरवाही से एक बड़ा हादसा हो गया। मीरानपुर कटरा में बिजली की चपेट में आकर आठ साल के असद की मौत हो गई। करंट से तड़पकर बच्चे की मौत पर हंगामा मच गया। घर में कोहराम मचा है। मां अपने बच्चे को कलेजे से लगाकर बिलख पड़ीं। यह मंजर देखकर हर एक आंख नम हो गई।
घटनाक्रम मीरानपुर कटरा कस्बे का है। बंगशान में रामनगर कॉलोनी में जलालुद्दीन अंसारी का घर है। गुरुवार की सुबह उनका आठ साल का बेटा असद घर के बाहर खेल रहा था। इसी बीच वह पास में लगे बिजली के खंभे के पास पहुंच गया। खंभे में करंट उतरा था। असद इसकी चपेट में आ गए। करंट से बच्चे को तड़पता देखकर अफरातफरी मच गई। दौड़कर लोगों ने बच्चे को बचाया। आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने असद को मृत घोषित कर दिया।
दूसरी कक्षा में पढ़ता था बेटा
असद की मौत से घर में कोहराम मच गया। माता-पिता बिलख रहे हैं। घरवालों के मुताबिक असद दूसरी कक्षा में पढ़ते थे। उनकी मौत ने मां को बड़ा सदमा पहुंचाया है। वह बेटे के शव के साथ चिपटकर रो रही हैं। मुहल्ले वाले भी इस घटना से गमगीन हैं।
बिजली विभाग ने नहीं दिया ध्यान
असद की मौत पर मुहल्ले वालों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि बारिश के दौरान यहां जलभराव हो जाता है। इससे खंभे में करंट उतर आता है। इस बारे में विद्युत विभाग में शिकायत की गई थी। इस अनुरोध के साथ कि समस्या का समाधान कर दिया जाए, ताकि कोई हादसा न हो, लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना पर पहुंची पुलिस
मुहल्ले वालों का आरोप है कि अगर बिजली विभाग वक्त रहते करंट की समस्या का निस्तारण कर देता तो शायद असद की जान नहीं जाती। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। तिलहर के सीओ विदुष सक्सेना ने इस प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
