Bareilly News : शादी-नौकरी का झांसा दे किया महिला का शोषण,दरोगा निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

गर्भपात और लाखों के जेवर हड़पने का महिला ने लगाया आरोप, पुलिस ऑफिस पहुंची महिला ने खोला सब इंस्पेक्टर का पूरा चिट्ठा

बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पुलिस के एक दरोगा पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने, गर्भपात कराने, लाखों रुपये के जेवर हड़पने और मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया।

माधोबाड़ी की रहने वाली महिला ने बताया कि वह वर्ष 2022 से उसका पति से मतभेद चलने के कारण वह अलग रह रही हैं। वर्ष 2025 में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत करने बारादरी थाने पहुंची थीं, जहां उनकी मुलाकात थाने में तैनात दरोगा नरेश बाबू से हुई। आरोप है कि दरोगा ने पहले सहानुभूति जताई, फिर पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने और बाद में पत्नी से तलाक लेकर उसे शादी करने का भरोसा दिया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर दरोगा ने उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का आरोप है कि आरोपी दारोगा उसके घर आने-जाने लगा और करवाचौथ 2025 से उसके घर पर ही रहने लगा। इसी दौरान फरवरी 2026 में बेटे की शादी का बहाना बनाकर करीब आठ लाख रुपये के सोने के जेवर ले गया। जब महिला ने विरोध किया तो उसे धमकाया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर 12 मई को आरोपी ने जबरन गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

महिला के मुताबिक 23 मई को आरोपी दरोगा अपने बेटे और पत्नी के साथ उसके घर पहुंचा, जहां गाली-गलौज और मारपीट की गई। डायल 112 पर सूचना देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। मंगलवार को पीड़ित महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। उसने दरोगा के साथ अपने कई फोटो भी पुलिस को दिखाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।

महिला की शिकायत पर सिरौली में तैनात दरोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। इस पूरे मामले की जांच पुलिस अधीक्षक दक्षिणी को दी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी।

संबंधित समाचार