AKTU Research Report: शोधपत्रों की वापसी में देश में दूसरे स्थान पर एकेटीयू, वैश्विक सूची में भारत के 9 विश्वविद्यालय शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रिट्रैक्शन वॉच डाटाबेस 2025 के अनुसार शोधपत्रों की वापसी के मामलों में चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर। वैश्विक सूची में 19 विश्वविद्यालयों में भारत के 9 संस्थानों का नाम, अन्नामलाई विश्वविद्यालय पहले और AKTU दूसरे स्थान पर।

लखनऊ, अमृत विचार : अंतरराष्ट्रीय संस्था रिट्रैक्शन वॉच डाटाबेस के वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार शोधपत्रों की वापसी (रिट्रैक्शन) के मामलों में चीन के बाद भारत दूसरे स्थान पर है। शोधपत्रों में नकल, तकनीकी खामियां, भ्रामक या असत्य तथ्य और अन्य अनियमितताओं के कारण उन्हें वापस लिया जाता है। दुनिया के सर्वाधिक शोधपत्र वापसी वाले 19 विश्वविद्यालयों में भारत के नौ विश्वविद्यालय शामिल हैं। इस सूची में चेन्नई का अन्नामलाई विश्वविद्यालय पहले और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) दूसरे स्थान पर है।

रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में चीन में 1,701 और भारत में 887 शोधपत्र वापस लिए गए। इसके बाद इराक (429), रूस (363), सऊदी अरब (343) और अमेरिका (277) का स्थान है। भारत विश्व के कुल शोधपत्रों का लगभग पांच प्रतिशत प्रकाशित करता है, लेकिन वैश्विक शोधपत्र वापसी में उसकी हिस्सेदारी करीब 21 प्रतिशत है। इससे शोध गुणवत्ता और अकादमिक ईमानदारी पर सवाल उठ रहे हैं।

रिपोर्ट में अन्नामलाई विश्वविद्यालय के 161 और एकेटीयू के 160 शोधपत्र वापस होने का उल्लेख है। इसके बाद सविता इंस्टीट्यूट (159), जेएनटीयू हैदराबाद (104), लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (98), विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (76), वीआईटी वेल्लोर (48), एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (38) और जीएलए यूनिवर्सिटी (38) का नाम शामिल है।

शोधपत्र कई कारणों से वापस लिए जाते हैं। इनमें साहित्यिक चोरी (प्लेगरिज्म), फर्जी सहकर्मी समीक्षा, तथ्यात्मक त्रुटियां, वैज्ञानिक कदाचार और अन्य अनियमितताएं प्रमुख हैं, जो शोध की मौलिकता और विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।
कोट

"इससे विश्वविद्यालय का कोई लेना-देना नहीं होता। प्लेगरिज्म या अन्य तथ्यों की जांच करने वाली रिट्रैक्शन एजेंसियां ही इस प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार होती हैं।"— प्रो. जेपी पाण्डेय, कुलपति, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय

यह भी पढ़ेंः UP School Chalo Abhiyan 2026: दूसरे चरण के लिए 1.63 करोड़ रुपये मंजूर, 1 से 15 जुलाई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान

यह भी पढ़ेंः NIPUN Bharat Mission: यूपी के प्राथमिक स्कूलों में 10 शिक्षण प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य, शासन ने जारी किए नए निर्देश

संबंधित समाचार