UP School Chalo Abhiyan 2026: दूसरे चरण के लिए 1.63 करोड़ रुपये मंजूर, 1 से 15 जुलाई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान
1 से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में चलेगा विशेष अभियान, आउट ऑफ स्कूल और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर रहेगा विशेष जोर।
लखनऊ, अमृत विचार: नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए योगी सरकार ने स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण के लिए 163.60 लाख रुपये की वित्तीय सीमा जारी कर दी है। प्रदेश के सभी विकास खंडों में 1 से 15 जुलाई तक विशेष नामांकन अभियान चलाया जाएगा, जिसमें विद्यालय से बाहर रह गए और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों और खंड शिक्षा अधिकारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान में ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
ड्रॉपआउट बच्चों की होगी पहचान
अभियान के दौरान घर-घर संपर्क, ग्राम और वार्ड स्तर पर सर्वेक्षण तथा स्थानीय अभिलेखों के आधार पर विद्यालय से बाहर बच्चों की पहचान की जाएगी। ऐसे बच्चों का प्राथमिकता के आधार पर नामांकन कराया जाएगा। साथ ही नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से लगातार संवाद भी किया जाएगा।
रैलियों और प्रवेशोत्सव से बनेगा माहौल
नामांकन अभियान के तहत प्रभात फेरियां, स्कूल चलो रैलियां, घर-घर संपर्क, अभिभावक बैठकें, ग्राम सभाएं, प्रवेशोत्सव और विशेष नामांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य शिक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और प्रत्येक परिवार को बच्चों के विद्यालय में नामांकन के लिए प्रेरित करना है।
प्रचार-प्रसार पर खर्च होगी धनराशि
जारी की गई वित्तीय सीमा का उपयोग रैलियों, बैनर, पोस्टर, फ्लेक्स, जनजागरूकता सामग्री, सामुदायिक बैठकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रवेशोत्सव जैसी गतिविधियों पर किया जाएगा। शासन ने निर्देश दिए हैं कि धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
यह भी पढ़ेंः UP Education News: कक्षा-कक्ष के अनुभवों से तय होगी नई शिक्षा रणनीति, TLPS Report 2025 जारी
