Trade Deal से पहले भारत को राहत, अमेरिका ने 4 भारतीय कंपनियों से हटाया बैन
टैरिफ विवाद के बीच भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में, अमेरिकी वित्त विभाग ने चार भारतीय कंपनियों को SDN प्रतिबंध सूची से हटाया।
वॉशिंगटन/नई दिल्लीः भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते (Trade Deal) पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने के बीच ट्रंप प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। अमेरिकी वित्त विभाग ने भारत की चार कंपनियों को स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) प्रतिबंध सूची से बाहर कर दिया है। इस कदम को दोनों देशों के आर्थिक और व्यापारिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रतिबंध सूची से हटाई गई कंपनियों में हैदराबाद स्थित आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, लोकेश मशीन्स लिमिटेड, अहमदाबाद की गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और दिल्ली स्थित शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
SDN सूची से बाहर होने का क्या मतलब है?
अमेरिकी वित्त विभाग के अनुसार, इन कंपनियों को अब स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) सूची से हटा दिया गया है। इस सूची में शामिल संस्थाओं और व्यक्तियों की अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में मौजूद संपत्तियां फ्रीज कर दी जाती हैं और उनके साथ वित्तीय लेनदेन पर भी प्रतिबंध लागू होता है।
2024 में लगी थीं पाबंदियां
यह निर्णय लगभग दो वर्ष बाद लिया गया है। वर्ष 2024 में अमेरिकी ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल (OFAC) ने कार्यकारी आदेश के तहत 21 भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए थे। इनमें 19 कंपनियां और दो व्यक्ति शामिल थे।
उस समय अमेरिका ने आरोप लगाया था कि ये संस्थाएं रूस से जुड़े ऐसे नेटवर्क का हिस्सा थीं, जो यूक्रेन युद्ध के बाद लगाए गए प्रतिबंधों को दरकिनार करने में मदद कर रहे थे।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद हुई थी कार्रवाई
यूक्रेन पर रूस के 2022 के हमले के बाद अमेरिका ने मॉस्को पर व्यापक आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। इन्हीं प्रतिबंधों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए कई विदेशी कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई थी।
उस समय भारत सरकार ने स्पष्ट किया था कि इस मुद्दे पर अमेरिका के साथ संवाद जारी है और भारत अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का पालन करने वाला एक जिम्मेदार देश है।
दो सूचीबद्ध कंपनियां भी शामिल
प्रतिबंध सूची से हटाई गई चार कंपनियों में गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध कंपनियां हैं।
लोकेश मशीन्स के प्रमुख ग्राहकों में जॉन डीरे, कमिंस, वोल्वो, होंडा और सुजुकी जैसी वैश्विक कंपनियां शामिल हैं। वहीं आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज भारत के विमानन क्षेत्र से जुड़ी कंपनी है।
