श्रीलंका के खिलाफ जीतते ही टीम इंडिया को मिलेगा बड़ा फायदा, WTC में होगा बड़ा उलटफेर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

भारत-श्रीलंका दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की नजर जीत पर है। मुकाबला जीतते ही भारत का PCT 57.57 तक पहुंच सकता है और वह बांग्लादेश को पीछे छोड़कर WTC अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा।

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का मुकाबला टीम इंडिया के लिए बेहद अहम हो गया है। सीरीज का पहला मैच जीतने के बाद भारत के PCT में सुधार हुआ था, लेकिन उसकी रैंकिंग में बदलाव नहीं हुआ। अब दूसरे टेस्ट में जीत भारत को PCT के साथ-साथ रैंकिंग में भी बड़ा फायदा दिला सकती है।

ऑस्ट्रेलिया नंबर-1, दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर

मौजूदा WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 80 के PCT के साथ पहले स्थान पर है। बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया को नुकसान हुआ था, लेकिन दूसरे टेस्ट में जीत के बाद उसने अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

दक्षिण अफ्रीका 75 PCT के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22 PCT के साथ तीसरे स्थान पर है। वहीं बांग्लादेश 55.56 PCT के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।

भारत अभी पांचवें नंबर पर

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत के बाद भारत के PCT में बढ़ोतरी हुई, लेकिन टीम पांचवें स्थान पर ही रही। भारत का मौजूदा PCT 53.33 बताया गया है।

वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश की हार से उसके PCT पर असर पड़ा है। यही स्थिति भारत के लिए रैंकिंग में ऊपर जाने का रास्ता खोल रही है।

जीतते ही बांग्लादेश को पीछे छोड़ देगा भारत!

भारत अगर श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टेस्ट जीतने में सफल रहता है तो उसका PCT 57.57 तक पहुंच सकता है। ऐसे में भारत बांग्लादेश को पीछे छोड़कर WTC अंक तालिका में पांचवें से चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा।

दूसरी ओर, इस मुकाबले में हारने पर श्रीलंका का PCT 33.33 से घटकर 27.78 हो सकता है। ऐसे में श्रीलंका के नीचे जाने की संभावना बढ़ जाएगी और इंग्लैंड 29.76 PCT के साथ उससे ऊपर आ सकता है।

बारिश बन सकती है टीम इंडिया की राह में रोड़ा

भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ श्रीलंका की टीम नहीं, बल्कि बारिश भी है। दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन तक भारतीय टीम ने मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाई हुई है, लेकिन बारिश के कारण खेल लगातार प्रभावित हो रहा है।

ऐसे में टीम इंडिया की कोशिश होगी कि श्रीलंका की पारी को जल्द समेटकर मैच को नतीजे तक पहुंचाया जाए। अगर बारिश के कारण पर्याप्त खेल नहीं हो पाया और मुकाबला ड्रॉ हुआ, तो भारत को वह फायदा नहीं मिल पाएगा जिसकी उसे जीत की स्थिति में उम्मीद है।

यह भी पढ़ेंः ध्रुव जुरेल के शतक में छिपी है पिता की बहादुरी और दादा की मेहनत की कहानी, ‘जय जवान-जय किसान’ टैटू का खोला राज

संबंधित समाचार