IND vs SL 2nd Test: मैदान पर भिड़ेयशस्वी जायसवाल और असिता फर्नांडो, ICC ने दोनों को दी सजा
कोलंबो टेस्ट के पहले दिन आउट होने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई बहस में शारीरिक संपर्क के मामले में आईसीसी ने लेवल-1 आचार संहिता उल्लंघन माना। दोनों के खाते में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया।
दुबई: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन हुई घटना को लेकर यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नांडो पर आईसीसी ने कार्रवाई की है। दोनों खिलाड़ियों पर आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन के लिए उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
आईसीसी के मुताबिक, दोनों खिलाड़ियों को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के आर्टिकल 2.12 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया। यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, खिलाड़ी सहायता कर्मी, अंपायर, मैच रेफरी या अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।
विवाद के बाद दोनों के सिर टकराए
घटना भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में हुई। असिता फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हो गई।
जायसवाल फर्नांडो की तरफ बढ़े और दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर बढ़ाया। जवाब में जायसवाल भी आगे झुके, जिससे दोनों के सिर आपस में टकरा गए।
दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार की गलती
आईसीसी के अनुसार, जायसवाल और फर्नांडो ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों ने एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरीज के एंडी पाइक्रॉफ्ट की ओर से प्रस्तावित सजा को भी स्वीकार कर लिया। ऐसे में मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
दोनों खिलाड़ियों के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ इस तरह का कोई पिछला अपराध दर्ज नहीं था।
इन अंपायरों ने लगाए आरोप
इस घटना को लेकर मैदान पर मौजूद अहसान रज़ा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ेंः Rishabh Pant Record: पंत ने गिलक्रिस्ट को छोड़ा पीछे, टेस्ट क्रिकेट में 101 छक्के जड़कर बने दुनिया के तीसरे बल्लेबाज
