Barabanki News : गौशाला के पास गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप, पंचायत सचिव से जवाब तलब
बाराबंकी के देवा क्षेत्र की बबुरीगांव ग्राम सभा में गौशाला के पास ग्राम समाज की जमीन पर गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। BDO ने निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर पंचायत सचिव से स्पष्टीकरण मांगा और अवशेषों के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी जिले के विकासखंड देवा की बबुरीगांव ग्राम सभा में गौशाला से कुछ दूरी पर ग्राम समाज की जमीन पर गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। सूचना पर खंड विकास अधिकारी डॉ. नेहा शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और गौशाला का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में एक गोवंश बीमार मिला, जबकि साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। ग्राम समाज की जमीन पर मिले अवशेषों को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के मजरों के लोग मृत पशुओं के अवशेष यहां डालते हैं। इसके बाद मृत पशुओं के अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था पर पंचायत सचिव की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई।
BDO ने सचिव से मांगा स्पष्टीकरण
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने पंचायत सचिव को अवशेषों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए और उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। बीडीओ ने कहा कि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं मिलने पर पंचायत सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौशाला के पास ग्राम समाज की जमीन पर गोवंश के अवशेष मिलने से पंचायत स्तर पर मृत पशुओं के निस्तारण की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आखिर अवशेष यहां कैसे पहुंचे और इनके निस्तारण की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं थी, इसका जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
