बुढ़वा मंगलवार : जौनपुर के मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जय श्री राम के जयघोष से गूंजा परिसर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बुढ़वा मंगलवार पर जौनपुर के श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर मंदिर समेत प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष पूजा, हवन, आरती, सुंदरकांड और भजन-कीर्तन से मंदिर परिसर भक्तिमय रहा।

जौनपुर। बुढ़वा मंगलवार के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मंगलवार को प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर मंदिर समेत जिले के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

मैहर मंदिर में हुआ हनुमान जी का भव्य श्रृंगार

श्री मां शारदा शक्तिपीठ मैहर मंदिर परिसर में बुढ़वा मंगलवार को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम” के जयघोष के बीच हनुमान जी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। उन्हें सिंदूर, चमेली का तेल, जनेऊ, लाल वस्त्र, तुलसी की माला और पुष्प अर्पित किए गए। मंदिर में विशेष पूजन के साथ आरती और हवन का आयोजन हुआ।

सुंदरकांड और मंगल पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल

मंदिर परिसर में स्थानीय महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक सुंदरकांड और मंगल पाठ का पाठ किया। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माता शारदा और भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और परिवार में शांति की कामना की।

सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजाम

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन को व्यवस्थित तरीके से कराने के इंतजाम किए गए थे।

जिले के अन्य मंदिरों में भी उमड़ी भीड़

बुढ़वा मंगलवार के अवसर पर जौनपुर के अन्य प्रमुख हनुमान मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बीआरपी स्थित हनुमान मंदिर, कोतवाली क्षेत्र के हनुमान मंदिर, बड़े हनुमान मंदिर और आजोसी धाम स्थित हनुमान मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। कई स्थानों पर मेले का भी आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और भजन-कीर्तन में शामिल हुए। बुढ़वा मंगलवार पर पूरे जिलेमें दिनभर आस्था, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

 

ये भी पढ़े : 
World Photography Day: दौड़ती मेट्रो बनेगी फोटो स्टूडियो, 40 फोटोग्राफर मेट्रो की रफ्तार में तलाशेंगे खास फ्रेम

संबंधित समाचार