Bahraich News : बक्सा-अटैची उठाकर 200 मीटर दूर ले गए चोर, तोड़कर उड़ाई लाखों की नकदी व जेवर; पत्नी के इलाज पर संकट
विशेश्वरगंज के पंचम पुरवा में देर रात वारदात
बहराइच के विशेश्वरगंज के पंचम पुरवा में चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर 1.32 लाख रुपये नकद और दो लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोरी की रकम कैंसर पीड़ित पत्नी के इलाज के लिए जुटाई गई थी। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
बहराइच, अमृत विचार। जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने एक परिवार की मुश्किलें और बढ़ा दीं। ग्राम पंचायत सेमरा के मजरा पंचम पुरवा में सोमवार देर रात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। चोर घर में रखी अटैची और बक्से को करीब 200 मीटर दूर ले गए। वहां बक्सा तोड़कर सामान निकाला और फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
पंचम पुरवा निवासी सुरेश चंद्र पाठक पुत्र अंजनी कुमार पाठक ने विशेश्वरगंज पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक, रात करीब दो बजे चोर दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखी अटैची और बक्से को उठाकर घर से दूर ले गए। वहां बक्सा तोड़कर उसमें रखी नकदी और जेवरात लेकर भाग निकले।
सोने-चांदी के जेवर समेत 1.32 लाख नकद चोरी
पीड़ित ने बताया कि चोर सोने का मंगलसूत्र, मांगटीका, झुमकी, करधन, माला, नथिया समेत कई आभूषण ले गए। इसके अलावा चांदी की पायल, 21 सिक्के, जंजीर, धारा, फूल, थाली समेत अन्य सामान भी चोरी हुआ है। चोरी गए जेवरात की कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही चोर घर में रखे 1.32 लाख रुपये नकद और गुल्लक भी उठा ले गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।

पत्नी के कैंसर इलाज के लिए जुटाई थी रकम
सुरेश चंद्र पाठक ने बताया कि उनकी पत्नी ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज चल रहा है। मंगलवार को उन्हें पत्नी को अस्पताल लेकर जाना था। इलाज के खर्च के लिए उन्होंने किसी तरह 1.32 लाख रुपये जुटाकर घर में रखे थे, लेकिन चोर पूरी रकम लेकर फरार हो गए। इलाज के लिए जुटाई गई रकम चोरी होने के बाद परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान और नकदी बरामद कराने की मांग की है।
जाते-जाते कुल्हाड़ी छोड़ गए चोर
वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय चोरों की एक कुल्हाड़ी मौके पर छूट गई। पुलिस ने कुल्हाड़ी को कब्जे में ले लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
