Sitapur News : महिला को डंडों से पीटने का वीडियो वायरल, भड़कीं विधायक आशा मौर्य, कहा, ‘SDM की कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, धाराएं बढ़ाइए’
वायरल वीडियो सामने आने के बाद विधायक ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान महिला से डंडों से मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य ने पुलिस से सख्त कार्रवाई और आरोपियों पर धाराएं बढ़ाने की मांग की। विधायक ने एसओ से महिला का मेडिकल कराने के साथ कहा कि केवल एसडीएम कोर्ट भेजने की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है।
सीतापुर, अमृत विचार। सदरपुर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान महिला के साथ कथित तौर पर डंडों से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। वीडियो सामने आने के बाद महमूदाबाद की महिला विधायक आशा मौर्य ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में कार्रवाई करने को कहा।
वायरल वीडियो देख भड़कीं विधायक, बोलीं- महिला को किस तरह मारा गया देखिए
विधायक आशा मौर्य ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कहा, "एसओ साहब, आपने देखा किस तरह से महिला को डंडों से मारा। मेडिकल कराया कि नहीं। एसडीएम की कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, धाराएं बढ़ाइए। वीडियो देखिए, किस तरह से महिला को सरेआम पीटा जा रहा है।" विधायक के इस बयान के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने मामले में पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराने और आरोपियों पर कड़ी धाराएं बढ़ाने की मांग की है।

पारिवारिक विवाद में राकेश और उसकी पत्नी से मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक सेमरी गांव में राकेश का अपने ही परिवार के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि राकेश के पिता, मां, भाई और भाभी ने राकेश और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। इसी दौरान महिला की पिटाई का वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थानाध्यक्ष बोले- आरोपियों को एसडीएम कोर्ट भेजा जा रहा
विधायक द्वारा साझा किए गए वीडियो में सदरपुर थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की जानकारी देते नजर आ रहे हैं। थानाध्यक्ष के मुताबिक आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में भेजा जा रहा है। हालांकि, विधायक ने इस कार्रवाई को पर्याप्त नहीं माना और पुलिस से मामले में धाराएं बढ़ाकर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम को लेकर मामला चर्चा में है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : अस्पताल में एक्सरे के दौरान मशीन गिरने मरीज की मौत, हंगामा
