Gonda News : RPF ने की ट्रेन में छापेमारी, 31 हजार की शराब बरामद, कोच अटेंडेंट गिरफ्तार
बिहार में सप्लाई के लिए ट्रेन में छिपाई थी शराब
Gonda News: ट्रेन संख्या 15910 में आरपीएफ नारकोटिक्स टीम ने कार्रवाई कर कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया। बेडरोल केबिन से 51,660 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, कीमत 31,829 रुपये बताई गई।
गोंडा, अमृत विचार : लखनऊ मंडल की आरपीएफ नारकोटिक्स टास्क टीम ने मंगलवार की देर रात ट्रेन संख्या 15910 में कार्रवाई करते हुए एक कोच अटेंडेंट को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। टीम ने उसके कब्जे और कोच के बेडरोल केबिन से 73 पैड बोतल ग्रीन लेबल, 40 पैड बोतल मैकडॉवेल्स नंबर-1 और 174 टेट्रा पैक ग्लोबस ग्रीन बरामद किए। बरामद शराब की कुल मात्रा 51,660 एमएल और अनुमानित कीमत 31,829 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अनिरुद्ध राय ने बताया कि वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक बृजकिशोर द्विवेदी के नेतृत्व में नारकोटिक्स टास्क टीम ट्रेन में चेकिंग कर रही थी। मैजापुर-गोंडा के बीच जांच के दौरान टीम को एचए-1 कोच के बेडरोल केबिन में शराब छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली।
पूछताछ में ड्यूटी पर तैनात कोच अटेंडेंट ने शराब को अपने द्वारा छिपाकर रखना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के चलते वहां शराब की अधिक कीमत मिलने की उम्मीद में वह इसे सप्लाई करने की तैयारी में था। कार्रवाई के दौरान ट्रेन स्कॉर्ट पार्टी ने भी टीम का सहयोग किया। ट्रेन के गोंडा स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट गोंडा और जीआरपी की टीम भी मौके पर पहुंची और आरोपी को शराब समेत ट्रेन से उतार लिया।
आरोपी की पहचान डिंपल बरुआ (27) पुत्र विमल बरुआ, निवासी नंबर-1 पानी गांव लोजई, थाना बरबरुआ, जिला डिब्रूगढ़, असम के रूप में हुई। उसे आबकारी अधिनियम के तहत रात गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को बरामद शराब समेत अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। कार्रवाई में आरपीएफ नारकोटिक्स टीम के साथ ट्रेन स्कॉर्ट पार्टी, आरपीएफ पोस्ट और जीआरपी गोंडा के जवान शामिल रहे।
