हरदोई स्टेशन की छाछ में फंगस मिलने से मचा हड़कंप, वीडियो वायरल होते ही रेलवे ने उठाया बड़ा कदम
कैंटीन में मिले खराब छाछ के पैकेट जब्त, दूध समेत अन्य खाद्य पदार्थों के भी लिए गए नमूने; लैब रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी
हरदोई: हरदोई रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही छाछ के पैकेट में फंगस मिलने का मामला सामने आने के बाद रेल प्रशासन हरकत में आ गया। मंगलवार शाम मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद स्टेशन परिसर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग खाद्य सामग्री के नमूने जुटाकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।
छाछ के पैकेट में दिखी फंगस, अधिकारियों तक पहुंची शिकायत
जानकारी के मुताबिक, हरदोई स्टेशन की एक कैंटीन में उपलब्ध छाछ के पैकेट में फंगस दिखाई देने के बाद इसकी जानकारी रेल अधिकारियों तक पहुंची। मामला सामने आते ही रेलवे प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और स्टेशन परिसर में खाद्य सामग्री की जांच के निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों की टीम संबंधित कैंटीन पहुंची और वहां रखी खाद्य सामग्री की पड़ताल की। टीम ने छाछ के साथ-साथ दूध के पैकेट और अन्य खाद्य पदार्थों की भी गुणवत्ता, पैकेजिंग और रखरखाव की स्थिति जांची।

अन्य खाद्य पदार्थों में फिलहाल नहीं मिली गड़बड़ी
रेल अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में फिलहाल अन्य खाद्य सामग्री में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। हालांकि, कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी।
फंगस वाली कंपनी के सभी छाछ पैकेट जब्त
सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि जिस कंपनी के छाछ पैकेट में फंगस मिली थी, उस कंपनी के स्टेशन पर उपलब्ध सभी छाछ के पैकेटों को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया गया है। इन पैकेटों को वापस कंपनी को भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
रेल प्रशासन यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि पैकेट बंद खाद्य पदार्थ में फंगस किस वजह से लगी। इसके लिए खाद्य सामग्री की स्थिति और उसके रखरखाव से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
स्टॉल संचालकों को दिए गए जरूरी निर्देश
मामले के बाद रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर खाद्य एवं पेय पदार्थ बेचने वाले स्टॉल संचालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने दूध, छाछ और अन्य पेय पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखने को कहा है।
साथ ही खाद्य पदार्थों के तापमान, भंडारण व्यवस्था और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
लैब रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई
फंगस लगी छाछ का मामला सामने आने के बाद यात्रियों के बीच भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल रेल प्रशासन की नजर प्रयोगशाला जांच की रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि खाद्य सामग्री में खराबी किस कारण से हुई और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः हरदोई पुलिस के खिलाड़ियों का जलवा! जूडो में कांस्य, बैडमिंटन में चैंपियन बनकर रोशन किया जिले का नाम
