UP Assembly : हंगामे की भेंट चढ़ा मानसून सत्र, तय समय से पहले खत्म; 59,019 करोड़ का अनुपूरक बजट समेत 12 विधेयक पारित
तीन दिन के सत्र में केवल 2 घंटे 43 मिनट ही प्रभावी कार्यवाही, विपक्ष के विरोध के बीच विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय (मानसून) सत्र विपक्ष के लगातार हंगामे और व्यवधान के बीच निर्धारित समय से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। तीन दिवसीय सत्र में सरकार ने 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया।
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश विधानसभा का वर्ष 2026 का तृतीय (मानसून) सत्र विपक्ष के लगातार हंगामे और व्यवधान के बीच निर्धारित समय से एक दिन पहले ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। तीन दिवसीय सत्र में सरकार ने 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करने के साथ ही 12 विधेयक पारित कराए।
हालांकि, विपक्ष के विरोध के चलते सदन की प्रभावी कार्यवाही सीमित रही। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस ब्रीफ के अनुसार, 3 से 5 अगस्त तक चले सत्र में सदन की कुल कार्यवाही 5 घंटे 32 मिनट चली। इसमें 2 घंटे 49 मिनट हंगामे और स्थगन की वजह से प्रभावित रहे। इस तरह सदन की प्रभावी कार्यवाही केवल 2 घंटे 43 मिनट ही हो सकी।
12 विधेयकों को मिली मंजूरी
सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विनियोग (2026-27 का अनुपूरक) विधेयक समेत कुल 12 विधेयक पेश कर पारित किए गए। इनमें राज्य कर संहिता संशोधन विधेयक, लोक सेवा अधिकरण संशोधन विधेयक, निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक और पंजीकरण एवं स्टाम्प संशोधन विधेयक सहित कई महत्वपूर्ण विधेयक शामिल रहे।
435 याचिकाएं, 95% से ज्यादा प्रश्न ऑनलाइन
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, इस सत्र में कुल 435 याचिकाएं प्राप्त हुईं। इनमें से 282 याचिकाएं ग्राह्य, 49 अग्राह्य और 104 याचिकाएं समय सीमा के बाद प्राप्त होने के कारण व्यपगत घोषित की गईं। नियम-103 के तहत सात प्रस्ताव प्राप्त हुए और सभी को ग्राह्य माना गया।
सत्र के दौरान प्रश्नों की प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से संचालित हुई। कुल 2,427 प्रश्न प्राप्त हुए, जिनमें 2,322 प्रश्न (95.67 प्रतिशत) ऑनलाइन दाखिल किए गए। इनमें 490 तारांकित और 1,466 अतारांकित प्रश्न स्वीकार किए गए। सरकार की ओर से 120 तारांकित और 838 अतारांकित प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराए गए।
विपक्ष की अधिकांश सूचनाएं नहीं हुईं स्वीकार
विधानसभा सचिवालय के आंकड़ों के मुताबिक, विपक्ष की ओर से विभिन्न नियमों के तहत दी गई अधिकांश सूचनाएं स्वीकार नहीं की गईं। नियम-51 के तहत 233, नियम-56 के तहत 17, नियम-300 के तहत चार, नियम-301 के तहत 167 और नियम-311 के तहत तीन सूचनाएं प्राप्त हुईं, लेकिन इनमें से कोई भी ग्राह्य नहीं हुई।
तीन दिवसीय सत्र की प्रमुख उपलब्धियां
कुल बैठकें: 3
सदन की कुल कार्यवाही: 5 घंटे 32 मिनट"
हंगामे और स्थगन की अवधि: 2 घंटे 49 मिनट
प्रभावी कार्यवाही: 2 घंटे 43 मिनट
पारित विधेयक: 12
अनुपूरक बजट: 59,019.54 करोड़ रुपये
कुल याचिकाएं: 435
ग्राह्य याचिकाएं: 282
