Barabanki News : जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष में हिंसक झड़प, लाठी-डंडों से मारपीट में छह लोग घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

मसौली के त्रिलोकपुर गांव में जमीन के कब्जे को लेकर भड़का विवाद, दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में आवासीय भूमि के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडों से हुए संघर्ष में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार : थाना क्षेत्र के ग्राम त्रिलोकपुर में आवासीय भूमि के कब्जे को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद बुधवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने से करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बड़ागांव भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया और दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया गया कि पुत्तन पुत्र बाराती और विपक्षी कमाल, राजू, राजा व दानिश के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में पुत्तन, उनकी पत्नी केसर जहां और 18 वर्षीय पुत्री साहिबा बानो को गंभीर चोटें आईं। पुत्तन के पैर और पीठ में गंभीर चोट बताई गई है, जबकि अन्य घायलों का भी अस्पताल में उपचार कराया गया।

पुत्तन ने आरोप लगाया कि विपक्षी उनके घर में घुस आए, गाली-गलौज की और परिवार के साथ मारपीट की। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि विवादित भूमि उनकी पैतृक संपत्ति है और कब्जे को लेकर विवाद हुआ। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार