Barabanki News : सांप के डसने से छात्र की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, हेडमास्टर निलंबित, हटाई गई शिक्षामित्र

Amrit Vichar Network
Edited By Deepak Mishra
On

सर्पदंश से मासूम छात्र की मौत का प्रकरण सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्राचार

त्रिवेदीगंज विकास खंड के एक प्राथमिक विद्यालय में सांप के डसने से कक्षा तीन के छात्र की मौत के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। एक सप्ताह तक चली जांच के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है, जबकि शिक्षामित्र को ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।

बाराबंकी, अमृत विचार : एक सप्ताह पहले त्रिवेदीगंज विकास खंड के एक स्कूल में सांप के डसने से मासूम छात्र की मौत के मामले में हेडमास्टर को निलंबित कर दिया गया। यहां तैनात शिक्षामित्र को अन्यत्र संबद्ध करने के साथ ही गांव के सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंचायती राज विभाग से पत्राचार किया गया है। अभी विभागीय जांच जारी है।

बताते चलें कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पूरे बढ़ई का पुरवा मजरे सहावर निवासी अशोक कुमार का 8 साल का बेटा अंशू जो गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र है, 27  जुलाई को स्कूल गया था। यहां पर प्रधानाध्यापक व दो सहायक अध्यापकों की अनुपस्थिति में शिक्षामित्र अमिता सिंह मौजूद रहीं। बताया जा रहा कि बालक अंशू शौच के लिए परिसर स्थित शौचालय गया। जहां पर उसे जहरीले सांप ने डस लिया। उसके बाहर निकलते ही अन्य छात्र शिक्षामित्र को घटना बताने गए पर सुनवाई नहीं की गई।

अंशू दर्द से परेशान वहीं पड़ा रहा, फिर बताए जाने पर शिक्षामित्र ने उसे बेंच पर लिटवा दिया पर घर तक सूचना नहीं भिजवाई। आरोप है कि 11 बजे हुई इस घटना के करीब ढाई घंटे बाद शिक्षामित्र ने परिजनों को खबर की। आनन फानन में पहुंचे परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल ले गए पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सर्पदंश की पुष्टि भी हुई। इसके बाद परिजन व ग्रामीण अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध जताने लगे। करीब एक सप्ताह तक चली जांच के बाद यहां तैनात प्रध्यानाध्यापक सुरेन्द्र सिंह को इस घटना का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया।

शिक्षामित्र अमिता सिंह को ब्लाक मुख्यालय पर संबद्ध कर दिया गया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत में तैनात सफाईकर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है। दो सहायक अध्यापिकाओं के अवकाश पर रहने से उनकी भूमिका नहीं मिली। इस कार्रवाई की पुष्टि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक ने की, बताया कि निलंबन व संबद्धीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई है।

संबंधित समाचार