बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन: मायावती ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से थे विधायक, लंबे समय से कैंसर का इलाज चल रहा था...

यूपी के बलिया की रसड़ा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का कैंसर से निधन हो गया। लंबे समय से बीमार थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार को  निधन हो गया है। यह जानकारी भाजपा के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने सोशल मीडिया पर साझा की। बताया जा रहा है कि उमाशंकर सिंह लंबे समय से  कैंसर से पीड़ित थे। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। मायावती ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया पर जारी शोक संदेश में कहा कि पार्टी के कर्मठ, ईमानदार और पूरी तरह समर्पित विधायक उमाशंकर सिंह का लंबी बीमारी के दौरान उपचार के बीच निधन अत्यंत दुखद है।

उन्होंने दिवंगत विधायक के परिवार तथा उनके सभी शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। बसपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी के प्रति उमाशंकर सिंह की निष्ठा और समर्पण की जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम है। उन्होंने कहा कि उमाशंकर सिंह का पूरा परिवार बसपा परिवार का हिस्सा है और परिवार के सभी सदस्य उन्हें बड़ी बहन की तरह सम्मान देते रहे हैं। 

मायावती ने बताया कि वह दिवंगत विधायक के पुत्र के लगातार संपर्क में थीं और बुधवार शाम उनके पुत्र से ही निधन की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह और पूरी बसपा दिवंगत विधायक के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि इस कठिन समय का साहसपूर्वक सामना करते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोकाकुल परिवार और सभी शुभचिंतकों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। 

यह भी पढ़ें : नई शिक्षा नीति पर शिक्षक संघ की चेतावनी, बोले- समर्थन से पहले ट्रांसफर और वेतन पर करें विचार

संबंधित समाचार