संसद में पप्पू यादव बने 'पुजारी'; राहुल ने चढ़ाया चंदा; लोकसभा अध्यक्ष ने जताई आचरण पर आपत्ति 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

राम मंदिर चढ़ावे के कथित मामले पर विपक्ष का नाटकीय विरोध, संसद में चर्चा और जवाबदेही की मांग

संसद में विपक्ष का अनोखा प्रदर्शन: पुजारी बने पप्पू यादव, दान पेटी से राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे पर साधा निशाना

दिल्ली। संसद परिसर में शुक्रवार को विपक्ष ने राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने नाट्यकला के जरिए अपनी बात रखते हुए भाजपा पर निशाना साधा और मामले पर संसद में चर्चा कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पुजारी के वेश में संसद भवन के मकर द्वार के सामने पहुंचे। उनके हाथ में एक ‘दान पेटी’ थी, जिसके जरिए उन्होंने विपक्ष के आरोपों को दर्शाने की कोशिश की।

'दान पेटी' के जरिए दिखाया आरोपों का मंचन

प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता पप्पू यादव के पास पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से दान पेटी में पैसे डाले। इसके बाद पप्पू यादव ने पैसे अपनी जेब में रख लिए। विपक्ष ने इस नाटकीय प्रस्तुति के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितता हुई है। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने ‘चोर-चोर’ और ‘चढ़ावा चोर’ जैसे नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।

संसद में चर्चा की मांग

फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह मुद्दा पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की पावन भूमि है और अगर अयोध्या का अपमान हुआ है तो इस मुद्दे को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को संसद में भी उठाया जाएगा और चर्चा की मांग की जाएगी।

छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में भी प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी संसद परिसर में नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई। संसद परिसर में हुए इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

ये भी पढ़ें : 
शहजाद पूनावाला के 'एक्स' बायो से भाजपा का नाम गायब, पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज

संबंधित समाचार