यूपी में अगले सप्ताह भी मेहरबान रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट
27 जुलाई से मानसूनी गतिविधियां होंगी और तेज, पूर्वी यूपी में सबसे ज्यादा असर; मौसम विभाग ने वज्रपात और भारी बारिश को लेकर जारी की चेतावनी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले सप्ताह भी मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सप्ताह के उत्तरार्द्ध में विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग, लखनऊ की ओर से जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के मुताबिक 24 से 26 जुलाई के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।
27 जुलाई से और सक्रिय होगा मानसून
पूर्वानुमान के अनुसार 27 जुलाई से मानसून की गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसी दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी वज्रपात और मेघगर्जन की आशंका बनी रहेगी।
28 से 30 जुलाई तक भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि 28 से 30 जुलाई के बीच प्रदेश में वर्षा का दायरा और व्यापक होगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
इसके अलावा 29 और 30 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों और किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही किसानों और आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और पूर्वानुमानों पर लगातार नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ेंः पेपर लीक पर मोदी सरकार का बड़ा एक्शन! 10 साल की जेल और 10 करोड़ जुर्माने वाले सख्त बिल को कैबिनेट की मंजूरी
