प्रतापगढ़ : सड़क निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त,गैरहाजिर कानूनगो का वेतन रोका
प्रतापगढ़, अमृत विचार : ग्राम बैजलपुर (बिहारगंज) में लंबे समय से सड़क निर्माण न होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचे डीएम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क निर्माण के मार्ग में आ रही बाधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लेखपाल योगेन्द्र विक्रम ने डीएम को बताया कि संबंधित भूमि 'मिलजुमला' होने के कारण सड़क निर्माण कार्य अटका हुआ है। इस पर डीएम ने निर्देश दिया कि नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर इस प्रकरण का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि पक्की सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो सके। निरीक्षण के दौरान कानूनगो के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई और उनका वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए।
ग्रामीणों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि जब तक पक्की सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक मनरेगा के तहत मिट्टी डलवाकर रास्ते को दुरुस्त कराया जाए, जिससे आवागमन में लोगों को समस्या न हो। बैजलपुर स्थित पंचायत भवन की बदहाल और जर्जर स्थिति देखकर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीडीओ स्तर से यह जांच कराने के निर्देश दिए हैं कि इस पंचायत भवन का निर्माण किस कार्यकाल में हुआ था। डीएम ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
