बाराबंकी में शॉर्ट सर्किट से मोटर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, स्कूल के पास मची अफरा-तफरी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नगर कोतवाली क्षेत्र में जय दुर्गा मोटर पार्ट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद आसपास दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि पास के स्कूल से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बाराबंकी, अमृत विचारः बाराबंकी में नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत चौराहे के पास स्थित जय दुर्गा मोटर पार्ट्स की दुकान में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान धू-धूकर जलने लगी। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझाने के दौरान दमकल वाहनों में पानी खत्म हो जाने से राहत कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया।

MUSKAN  (20)

दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि आज सुबह वह दुकान खोलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके कर्मचारी ऊपर रखे सामान को व्यवस्थित कर रहे थे कि अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। चंद मिनटों में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

MUSKAN  (19)

आग बुझाने के दौरान उस समय स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई जब दमकल वाहनों का पानी समाप्त हो गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने जिला अस्पताल के पंप से पानी भरकर दोबारा आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।

MUSKAN  (22)

घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक बगल में स्थित फाउंडेशन स्कूल में बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चे मौजूद थे।

MUSKAN  (24)

दुकान से उठती ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर बच्चों में दहशत फैल गई। बच्चे रोते-बिलखते अपनी कक्षाओं से बाहर निकलकर स्कूल परिसर के मैदान में एकत्र हो गए। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले गए।

MUSKAN  (23)

दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि आग में दुकान का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, समय रहते दमकल कर्मियों की सक्रियता से आग को आसपास की इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

यह भी पढ़ेंः हरदोई परिवहन निगम में 2.10 लाख का गबन! 3 कैशियर निलंबित, ड्यूटी से हटाए गए 14 परिचालक

संबंधित समाचार