Shravasti News: सीएम योगी से मिले विधायक राम फेरन पांडेय, चुनावी वर्ष में श्रावस्ती को मिल सकती है बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 जुलाई को श्रावस्ती के संभावित दौरे को लेकर जिले में उत्साह है। विधायक राम फेरन पांडेय ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर श्रावस्ती के विकास, उद्योग, रेल, परिवहन और किसानों से जुड़े मुद्दे उठाए। चुनावी वर्ष में जिले को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
श्रावस्ती, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव से पहले श्रावस्ती जिले को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीदें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 21 जुलाई को श्रावस्ती के संभावित दौरे से पहले श्रावस्ती विधायक राम फेरन पांडेय ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में उनसे मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने जिले की मूलभूत समस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा श्रावस्ती के समग्र विकास से जुड़े प्रस्ताव मुख्यमंत्री के सामने रखे।
मुख्यमंत्री से विकास योजनाओं पर हुई चर्चा
विधायक राम फेरन पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 21 जुलाई को इकौना क्षेत्र के ग्राम टंडवा महंत स्थित सीताद्वार मंदिर आने का प्रस्तावित कार्यक्रम है। इसी को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं और लंबित परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती जैसे पिछड़े जिले को सड़क, परिवहन, उद्योग, रेल और कृषि क्षेत्र में विशेष योजनाओं की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने विकास संबंधी प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा की।
उद्योग, रेल और परिवहन जैसी सुविधाओं का अब भी इंतजार
नेपाल सीमा से सटे श्रावस्ती जिले में आज भी कोई बड़ा उद्योग स्थापित नहीं हो सका है। कृषि प्रधान जिला होने के बावजूद यहां चीनी मिल नहीं है। बौद्ध और जैन धर्म का प्रमुख तीर्थ होने के बावजूद जिले में परिवहन निगम का डिपो नहीं है और न ही रेल सेवा उपलब्ध है। हालांकि एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है, लेकिन हवाई सेवा अब तक शुरू नहीं हो सकी है। परिवहन निगम की भूमि पर अस्थायी बस अड्डा संचालित हो रहा है, जबकि रेलवे परियोजना भूमि अधिग्रहण के बाद भी आगे नहीं बढ़ सकी है।
जमुनहा से जिला मुख्यालय तक सीधी बस सेवा भी नहीं
पांच विकासखंड और तीन तहसीलों वाले श्रावस्ती जिले में आज भी जमुनहा तहसील से जिला मुख्यालय भिनगा तक सीधी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। जिले की बड़ी आबादी निजी और डग्गामार वाहनों पर निर्भर है। वहीं गन्ना किसान अपनी फसल की पेराई के लिए बहराइच और बलरामपुर की चीनी मिलों पर निर्भर रहते हैं।
चुनावी वर्ष में बड़ी घोषणाओं की उम्मीद
विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक और विकासात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री श्रावस्ती के लिए परिवहन, उद्योग, रेलवे, पर्यटन और कृषि क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं।
