Kanpur-Lucknow Expressway: कानपुर-लखनऊ की दूरी अब सिर्फ 35 मिनट में! 14 जुलाई से शुरू हो रहा सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे, जानें कितना लगेगा टोल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कानपुर। देश के सबसे छोटे कानपुर-लखनऊ सिक्स लेन एक्सप्रेसवे (NE-6) का सोमवार को उद्घाटन होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) 14 जुलाई की सुबह 8 बजे से एक्सप्रेसवे को आम लोगों के लिए खोल देगा। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर पहले ही दिन से टोल वसूली शुरू होगी। हालांकि, इसके बदले यात्रियों को कानपुर से लखनऊ के बीच की दूरी महज 35 से 40 मिनट में तय करने की सुविधा मिलेगी, जिससे मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) की तुलना में 60 से 70 प्रतिशत तक समय की बचत होगी।

120 किमी प्रति घंटे होगी कारों की अधिकतम रफ्तार

एनएचएआई के अनुसार एक्सप्रेसवे पर कार, जीप और एसयूवी के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वहीं बस, ट्रक और डंपर अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ही चल सकेंगे।

इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन और ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।

स्पीड लिमिट तोड़ते ही कटेगा ई-चालान

यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैफिक निगरानी के लिए एक्सप्रेसवे पर एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) लगाया गया है। इस आधुनिक प्रणाली के जरिए गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान कर तुरंत ई-चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

इसके लिए पूरे मार्ग पर 63 पीटीजेड (PTZ) सीसीटीवी कैमरे और 16 वीडियो डिटेक्शन इंसिडेंट सिस्टम (VDIS) लगाए गए हैं। किसी भी दुर्घटना या असामान्य गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी।

ओवरलोड वाहनों पर भी रहेगी सख्त निगरानी

एनएचएआई ने टोल प्लाजा से पहले वेइंग मशीन स्थापित की हैं। सभी ट्रकों को इन मशीनों से होकर गुजरना होगा। निर्धारित सीमा से अधिक वजन पाए जाने पर संबंधित वाहन से अधिक टोल शुल्क वसूला जाएगा।

ओवरलोड वाहनों का पूरा रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा, जिसे आवश्यकता पड़ने पर परिवहन विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा।

जानिए कितना देना होगा टोल

वाहन श्रेणी एक तरफ का टोल 24 घंटे के भीतर वापसी
कार / जीप / एसयूवी ₹275 ₹415
हल्के कमर्शियल वाहन ₹445 ₹670
बस / ट्रक ₹935 ₹1,405
भारी वाहन ₹1,020 ₹1,530

एक नजर में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे

  • कुल लंबाई : 63 किलोमीटर

  • निर्माण लागत : ₹3,600 करोड़

  • बड़े पुल : 4

  • छोटे पुल : 25

  • फ्लाईओवर : 4

  • पैदल यात्री अंडरपास : 11

  • हल्के वाहनों के अंडरपास : 13

ग्रीनफील्ड और एलिवेटेड सेक्शन से होकर गुजरेगा एक्सप्रेसवे

कानपुर की ओर से प्रवेश करने पर एक्सप्रेसवे का पहला 45 किलोमीटर हिस्सा ग्रीनफील्ड कॉरिडोर है, जबकि इसके बाद लगभग 18 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग बनाया गया है। उद्घाटन समारोह की तैयारियां उन्नाव के पड़री खुर्द गांव के मजरा झाऊ खेड़ा में पूरी कर ली गई हैं।

यह भी पढ़ेंः 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली रफ्तार, मुरादाबाद से लखनऊ तक लगाए गए हजारों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

संबंधित समाचार