Bahraich Accident News : रोडवेज बस और सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर, चालक की मौत; 11 यात्री घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की जान चली गई

बहराइच के चिलवरिया क्षेत्र में रविवार सुबह वाराणसी कैंट डिपो की रोडवेज बस सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच का इलाज जारी है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और हादसे की जांच के निर्देश दिए।

बहराइच, अमृत विचार। जिले के चिलवरिया क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की मौत हो गई, जबकि रोडवेज बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा तथा घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पांच बजे वाराणसी कैंट डिपो की रोडवेज बस गोंडा से बहराइच की ओर आ रही थी। चिलवरिया के पास आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

cats

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में जावेद (35), नीरज बाजपेई (35), सुरजन (30), पार्वती (90), सुमित केसबवानी (23), रेयांश (2), सूरज (35), ओम वर्मा (6), रुकैया (17), शिव प्रसाद (75) और अरुही (3) शामिल हैं।

चिकित्सकों के अनुसार, छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।

अस्पताल में चालक ने तोड़ा दम

हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डीएम और एसपी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया और घायलों के इलाज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि सभी घायलों का जिला अस्पताल में समुचित उपचार कराया जा रहा है। चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार