मुख्यमंत्री योगी का मुरादाबाद दौरा, 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार (29 जून) को पीलीभीत का दौरा संपन्न करने के बाद सीधे मुरादाबाद पहुंचे। मुरादाबाद आगमन पर मुख्यमंत्री का पूरा दिन ताबड़तोड़ बैठकों, विकास योजनाओं की सौगात और जनसभाओं के नाम है। प्रशासन की ओर से सीएम के इस दौरे को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए।
सर्किट हाउस में PWD और कानून व्यवस्था की बड़ी समीक्षा
मुरादाबाद पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले सर्किट हाउस में मुरादाबाद मंडल के आलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की । इस बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD) के पुराने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और आने वाले समय के लिए नए कार्यों की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री मुरादाबाद मंडल की कानून व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की भी बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की।
करोड़ों की विकास परियोजनाओं का तोहफा और जनसभा
समीक्षा बैठकों के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादाबाद को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। वे मुरादाबाद सदर, मुरादाबाद देहात व कुन्दरकी विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ नगर निगम मुरादाबाद एवं मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जहां वे जनता से सीधा संवाद करेंगे।
व्यापारी कल्याण दिवस' और विश्वविद्यालय का निरीक्षण
सोमवार को मुरादाबाद में दानवीर भामाशाह जयंती एवं 'व्यापारी कल्याण दिवस' के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और व्यापारी समाज को संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय परिसर का धरातलीय निरीक्षण भी करेंगे, ताकि कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को परखा जा सके।
सर्किट हाउस में ही करेंगे रात्रि विश्राम
इन सभी महत्वपूर्ण और व्यस्त कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार की रात मुरादाबाद के सर्किट हाउस में ही रुकेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन सुबह वे लखनऊ या अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
