Asia Cup Taekwondo : श्रावस्ती के आशुतोष ने ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण, श्रीलंका के खिलाड़ी को हराया

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गोवा में आयोजित 9वीं एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अंडर-68 किग्रा वर्ग में हासिल की बड़ी सफलता

श्रावस्ती के ताइक्वांडो खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी 'सत्यम' ने गोवा में आयोजित 9वीं एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप के सीनियर पुरुष अंडर-68 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी आशुतोष त्रिपाठी 'सत्यम' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए 9वीं एशिया कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। गोवा में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सीनियर पुरुष अंडर-68 किलोग्राम भार वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

26 से 28 जून तक गोवा के पेडेम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मापुसा में आयोजित इस चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में आशुतोष ने श्रीलंका के खिलाड़ी ज़ैद मोहम्मद को कड़े संघर्ष में मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान आशुतोष ने अपनी बेहतरीन तकनीक, तेज गति और सटीक रणनीति का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सेमीफाइनल से लेकर फाइनल तक सभी मुकाबलों में आत्मविश्वास के साथ जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

आशुतोष की इस उपलब्धि से श्रावस्ती में खुशी का माहौल

आशुतोष की इस उपलब्धि से श्रावस्ती ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश और देश में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों के खिलाड़ी भी कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहरा सकते हैं।

पहले भी जीत चुके हैं कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक 

आशुतोष त्रिपाठी इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय लगातार अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया। उनका कहना है कि यदि कोई खिलाड़ी पूरे जुनून और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता है, तो सफलता निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों ने आशुतोष को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

संबंधित समाचार