Lucknow Fire Tragedy : 14 मिनट में पहुंचीं 22 एंबुलेंस, हादसे के बाद अलर्ट मोड में 108-102 सेवाएं, घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया
लखनऊ, अमृत विचार : अलीगंज स्थित एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग के बाद राहत और बचाव कार्य में एंबुलेंस सेवा ने तत्परता दिखाई। हादसे की सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस नेटवर्क सक्रिय हो गया। दावा है कि महज 14 मिनट के भीतर पहली एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एक के बाद एक कुल 22 एंबुलेंस राहत कार्य में जुट गईं।
एंबुलेंस प्रशासन के अनुसार घायलों को सुरक्षित निकालकर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 108 सेवा की 14 और 102 सेवा की 8 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। एंबुलेंस कर्मियों ने प्राथमिक उपचार देते हुए घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी एंबुलेंस टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी की, जबकि अतिरिक्त एंबुलेंसों को भी मौके पर तैनात रखा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एंबुलेंस कर्मियों ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वाहनों को बिना देरी रवाना कर दिया गया था। भीड़भाड़ वाले इलाके में तेजी से पहुंचकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालना और समय पर अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे टीमों ने कुशलता से पूरा किया।
दो गंभीर घायलों का चल रहा इलाज, नौ की छुट्टी
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. प्रेम राज सिंह ने बताया में कुल 24 घायलों को लाया गया। इनमें से 15 की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। शेष नौ में से दो घायल लवप्रीत और जयंत को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। वहीं, सात घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
