Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, घटनास्थल का लिया जायजा, पीड़ितों से भी करेंगे मुलाकात
लखनऊ। अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद रक्षा मंत्री और लखनऊ के स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह देर लखनऊ आए और एयरपोर्ट से सीधी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठकभी मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने तथा पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद रक्षा मंत्री किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ पहुंचेंगे। वहां वे अलीगंज कोचिंग अग्निकांड में घायल हुए लोगों से मिलकर उनका हालचाल लेंगे और चिकित्सकों से उनके उपचार की जानकारी लेंगे। गौरतलब है कि सोमवार दोपहर अलीगंज के सेक्टर डी वार्ड स्थित कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 15 बच्चों की मौत हो गई थी और 9 लोग घायल हुए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बसपा प्रमुख मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने घटना पर शोक जताया है।
