Rampur News : अजीमनगर क्षेत्र में खेत में मिला युवक का शव, ऑनर किलिंग का शक

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

रामपुर, अमृत विचार। अजीमनगर थाना क्षेत्र के खंडिया चौराहे के पास एक खेत में युवक का शव मिलने से सोमवार सुबह इलाके में सनसनी फैल गई। मामला ऑनर किलिंग की ओर इशारा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे खंडिया चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर बीएल इंटर कॉलेज के निकट स्थित एक खेत में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में तेजी से फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना अजीमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनोज पुत्र धर्म सिंह (35 वर्ष) निवासी ग्राम दयानाथपुर, थाना छजलैट जिला मुरादाबाद के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और विभिन्न पहलुओं से जांच की। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी टांडा कीर्ति निधि आनंद भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा युवक की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में अजीमनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि युवक के माता-पिता नहीं हैं, ऐसे में मामा और बहनों को बुलाया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके अलावा परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

प्रेम-प्रसंग के चलते चार दिन पहले हुआ था विवाद
इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक मनोज सिंह का खड़िया गांव की ही एक 45 वर्षीय महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले को लेकर महज चार दिन पहले भी विवाद हुआ था, जिसके बाद अजीमनगर थाना पुलिस खंड़िया गांव निवासी युवती से भी पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार इसी विवाद और अवैध संबंधों की रंजिश के चलते मनोज को मौत के घाट उतारा गया है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार