आगरा में हादसे के बाद बवाल... थार सवार ने युवक को कुचला, मौत पर भड़की भीड़, पुलिस पर पथराव
आगरा: सोमवार शाम आगरा में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने फतेहाबाद-फिरोजाबाद हाईवे जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसमें एक मोबाइल वैन क्षतिग्रस्त हो गई और एक दरोगा की वर्दी फट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र के पूठपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी, जिसके बाद बाइक और स्कूटी सवार लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में बाइक सवार 23 वर्षीय मनीष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक मनीष न्यू आगरा क्षेत्र के बहादुरपुर खास गांव का निवासी था और हाल ही में चार महीने पहले उसकी शादी हुई थी। वह अपनी ससुराल फिरोजाबाद से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दी और आरोपी वाहन में तोड़फोड़ की। सूचना मिलने पर पांच थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया और पुलिसकर्मियों को करीब आधा किलोमीटर तक दौड़ा लिया।
इस दौरान मौके से गुजर रहे मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन लोग शांत नहीं हुए।
करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
डीसीपी अभिषेक कुमार अग्रवाल के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और थार व ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। गाड़ी के दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है।
मनीष की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
