Bareilly News : आधी रात डीजे संचालक की सिर में गोली मारकर हत्या, परिजनों ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

डेलापीर स्थित बारात घर से काम कर लौट रहा था 21 वर्षीय मृतक अर्जुन मौर्य।

बरेली, अमृत विचार। शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। काम खत्म कर घर लौट रहे एक 21 वर्षीय डीजे संचालक की बदमाशों ने सिर में गोली मारकर बेहरमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने चार युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गोसाई घोटिया (बारादरी) निवासी 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य डेलापीर स्थित एक बारात घर में डीजे संचालन का कार्य करता था। सोमवार देर रात जब वह अपना काम खत्म कर घर वापस लौट रहा था, तभी संजय नगर में हवाई जहाज वाली कोठी के पास उसे चार युवकों ने घेर लिया। मृतक के पिता राकेश मौर्य का आरोप है कि किसी बात को लेकर पहले अर्जुन की उन युवकों से नोकझोंक हुई और उसके बाद एक युवक ने तमंचा निकालकर अर्जुन के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से अर्जुन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही बारादरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपियों के बारे में कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लग सका था।

इस मामले में एएसपी शिवम आशुतोष ने बताया, "युवक की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। हत्यारोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों से प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"

संबंधित समाचार