रेड-5 : ईडी फिर शहर में आई, हर तरफ हलचल बढ़ाई
उत्तराखंड के पीसीएस अधिकारी दिनेश सिंह, व रहबर मीट, शराब कारोबारी अजय जायसवाल के ठिकानों पर भी हो चुकी एक्शन
बरेली, अमृत विचार। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शहर बरेली में पहली बार छापेमारी नहीं की है। इससे पहले यहां नौकरशाह व कारोबारी एजेंसी के निशाने पर रहे हैं। उत्तराखंड के पीसीएस अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह हों या मीट कारोबार से जुड़ी रहबर फूड फैक्ट्री और शराब व्यवसाई अजय जायसवाल, निदेशालय की टीमें अलग-अलग समय में बरेली पहुंचकर पहले भी रेड-एक्शन करती रही हैं। मोबाइल कारोबारी आशुतोष अग्रवाल के मारबाड़ीगंज स्थित आवास पर मंगलवार को ईडी की रेड ने महानगर में फिर हलचल पैदा कर दी है। कारोबारी जगत से जुड़े तमाम लोग दिन भर फोन घनघनाते रहे। हर कोई ईडी के आधिकारिक बयान का इंतजार करता नजर आया।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र का मोहल्ला मारबाड़ीगंज सुबह दिल्ली की ईडी टीम की दस्तक से सुर्खियों में आ गया। बताया गया है कि आई-क्रस्ट मोबाइल स्टोर के संचालक एवं नामी चॉकलेट कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर आशुतोष अग्रवाल उस समय घर पर ही थे। टीम ने कार्रवाई शुरू करते ही सबके मोबाइल जमा करा लिए और घर से बाहर आने-जाने पर रोक लगा दी। सूत्रों के अनुसार, लैंडलाइन फोन कनेक्शन भी बंद करा दिया गया,ताकि किसी तरह की सूचना का आदान-प्रदान न हो सके। कारोबारी-रिश्तेदार दिनभर संपर्क साधने के लिए बेचैन रहे। शहर में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। ईडी की यह कार्रवाई पंजाब में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हो चुके आप सरकार में मंत्री रहे संजीव अरोड़ा प्रकरण से जुड़ी होने की चर्चा है। बरेली के अलावा पंजाब, दिल्ली, नोएडा में कई ठिकानों पर छापेमारी हुई है।
बरेली में ईडी के निशाने पर मोबाइल आशुतोष अग्रवाल रहे, जिनके बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन, आय के स्रोत, निवेश, संपत्तियों, विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच चल रही है। उनके छापे की खबर फैलते ही मारवाड़ीगंज से लेकर प्रमुख बाजारों तक यही चर्चा होती दिखी। रात तक कार्रवाई जारी रही, हालांकि ईडी की ओर से आधिकारिक बयान अभी सामने नहीं आया है।
पूर्व में ईडी छापे कहां-कहां
-पिछले साल उत्तराखंड के वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह के बरेली में नकटिया के पास इंटरनेशनल सिटी स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने पहुंचकर जांच की थी, मामला राष्ट्रीय राजमार्ग भूमि अधिग्रहण घोटाले से जुड़ा था, जिसमें दिनेश प्रताप को उत्तराखंड में गिरफ्तार भी किया गया था।
-2025 में ईडी और आयकर विभाग की टीमों ने बरेली और हापुड़ में टैक्स मामले को लेकर दो मीट फैक्ट्रियों पर छापेमारी की थी, उस समय प्रवर्तन निदेशालय की छापेमार कार्रवाई तीन दिन जारी रही थी।
-2022 में ईडी और इन्कम टैक्स की टीमें बरेली स्थित मीट कारोबारी के यहां पहुंची थीं और लंबी पड़ताल की थी, निदेशालय की कार्रवाई ने उस समय सबका ध्यान खींचा था।
-2021 में शराब तस्करी, अवैध बिक्री मनी लॉन्ड्रिंग के सिंडिकेट से जुड़े मामले में ईडी टीम ने इज्जतनगर क्षेत्र में कारोबारी अजय जायसवाल के यहां छापा मारा था और विस्तृत जांच की थी, ये वही अजय जायसवाल हैं, जिनको बरेली पुलिस ने मंगलवार को ही शराब माफिया घोषित किया है।
