MJPRU Exam & Session Calendar: विश्वविद्यालय ने जारी किया सत्र 2026-27 का शेड्यूल, 25 जुलाई तक होंगे एडमिशन
बरेली, अमृत विचार : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश, शिक्षण और परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के आदेश के अनुसार प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश प्रक्रिया 25 जुलाई तक पूरी की जाएगी। नए विद्यार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम 25 से 31 जुलाई तक आयोजित होगा और नियमित शिक्षण कार्य 27 जुलाई से शुरू होगा। 10 नवंबर तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने के बाद 11 दिसंबर तक परीक्षा करानी होगी। परीक्षा परिणाम तीन जनवरी तक घोषित किए जाएंगे।
कुलसचिव महेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार शीत अवकाश 15 दिनों का 21 दिसंबर से तीन जनवरी तक निर्धारित है। बताया कि तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर की शिक्षण अवधि 31 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित होंगी। परीक्षा परिणाम 3 जनवरी 2027 तक घोषित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
