Weather Update : बरेली समेत पूरे मंडल में झमाझम बारिश, ऑरेंज अलर्ट जारी; शाहजहांपुर में जलभराव से बढ़ीं मुश्किलें
पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मानसून के प्रभाव से बरेली समेत पूरे मंडल में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 20 जुलाई तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बरेली में 24 घंटे में 31.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि शाहजहांपुर में जलभराव और रामगंगा नदी का बढ़ता जलस्तर चिंता का कारण बना हुआ है।
बरेली। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और बंगाल की खाड़ी से बढ़ी मानसूनी गतिविधियों के चलते बरेली समेत पूरे मंडल में बारिश का सिलसिला जारी है। रविवार तड़के शुरू हुई रिमझिम बारिश देर सुबह तक जारी रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में जिले में 31.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। विभाग ने 20 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
21 जुलाई तक बारिश और तापमान में गिरावट के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से बढ़ रही मानसूनी सक्रियता के कारण 21 जुलाई तक बारिश जारी रहने और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बारिश के दौरान लोग छाते और रेनकोट का सहारा लेते नजर आए।
बाढ़ खंड अलर्ट पर, नदियों के जलस्तर पर निगरानी
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बाढ़ खंड ने सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल रामगंगा और किच्छा नदी का जलस्तर सामान्य है, लेकिन बाढ़ चौकियों और नियंत्रण कक्ष को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बाढ़ खंड के सहायक अभियंता राहुल ने बताया कि सभी चौकी प्रभारियों को जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति में तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील गांवों और तटवर्ती क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर बढ़ने पर तत्काल नियंत्रण कक्ष 0581-2511664 पर सूचना दें।
शाहजहांपुर में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
शाहजहांपुर में रविवार सुबह से हुई लगातार बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या खड़ी कर दी। दोपहर तक हुई बारिश के कारण कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। कलान और मिर्जापुर क्षेत्र में रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन नदी की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
