Hamirpur Crime News : अवैध संबंध के शक ने बना दिया भाई का कातिल, सोते समय रेत दिया बड़े भाई का गला
पुलिस आरोपी हरदयाल को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
हमीरपुर के राठ क्षेत्र के स्यावरी गांव में अवैध संबंधों के शक में छोटे भाई ने धारदार हथियार से बड़े भाई की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
राठ (हमीरपुर), अमृत विचार। हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के स्यावरी गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अवैध संबंधों के शक में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी भाई को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, स्यावरी गांव निवासी श्यामबिहारी राजपूत (67) अपने छोटे भाई हरदयाल के साथ रहते थे। श्यामबिहारी अविवाहित थे और अपनी तीन बीघा कृषि भूमि से गुजर-बसर करते थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब एक बजे हरदयाल ने अपने बड़े भाई को एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे वह आक्रोशित हो गया और धारदार हथियार से श्यामबिहारी का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
मृतक के भतीजे देवसिंह ने बताया कि उनके पिता हरदयाल जवाहर नवोदय विद्यालय में रसोइये के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वह अपनी मां माया देवी के साथ गांव के दूसरे मकान में सो रहे थे। वारदात के बाद हरदयाल ने उन्हें जगाकर हत्या की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी हरदयाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
